अम्बेडकरनगर: बुजुर्गों की मासूमियत और भरोसे को हथियार बनाकर अलग-अलग नामों से टप्पेबाजी करने वाले एक शातिर अंतर्जनपदीय अपराधी को जलालपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी लंबे समय से कई जिलों में सक्रिय था और खुद को रिश्तेदार या परिचित बताकर वारदातों को अंजाम देता रहा है।
घटना बीते रविवार की है। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के वाजिदपुर निवासी गीता देवी (लगभग 60 वर्ष) रोजमर्रा की तरह दुकान से आटा लेकर घर लौट रही थीं। रास्ते में एक युवक ने उन्हें रोका और खुद को उनका रिश्तेदार बताते हुए बातचीत में उलझा लिया। बातों-बातों में उसने किसी बहाने महिला के पैर से पायल उतरवा ली। जब युवक पायल लेकर जाने लगा तो महिला ने विरोध किया, जिस पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।
घर पहुंचकर पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलते ही जलालपुर पुलिस ने सक्रियता दिखाई और आसपास की गतिविधियों की जांच शुरू की। परिजनों के सहयोग से पहचान कराते हुए पुलिस ने कुछ ही समय में आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पंकज सिंह निवासी रुपईपुर, थाना अखंड नगर, जनपद सुलतानपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से पीड़िता की पायल तथा स्टार लगा हुआ एक वर्दीनुमा कपड़ा बरामद किया गया। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कोतवाल संतोष कुमार सिंह के अनुसार पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ। आरोपी का असली नाम धनंजय प्रमोद पुत्र लाल बहादुर वैद्य है, जो पंकज सिंह सहित कई नामों से अलग-अलग जनपदों में टप्पेबाजी करता रहा है। उसके खिलाफ अंबेडकर नगर, सुलतानपुर, आजमगढ़, जौनपुर समेत अन्य जिलों में चोरी, छिनैती और टप्पेबाजी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास को खंगालते हुए अन्य वारदातों की भी जांच कर रही है।




