WhatsApp Icon

जलालपुर की मुख्य सड़क का बदलेगा चेहरा, नाला-डिवाइडर और अंडरग्राउंड बिजली लाइन का प्लान

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर (रिपोर्ट: गोपाल सोनकर जलालपुर) जमालपुर चौराहे से अकबरपुर रोड तक जाने वाला मुख्य मार्ग अब पूरी तरह नए और आधुनिक रूप में नजर आएगा। करीब छह महीने पहले प्रशासन द्वारा बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाए जाने के बाद अब लोक निर्माण विभाग इस मार्ग के सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण की तैयारी में जुट गया है। विभाग लगभग सवा करोड़ रुपये की लागत से इस पूरे मार्ग को विकसित करने जा रहा है।


जानकारी के मुताबिक आगामी एक सप्ताह के भीतर चिन्हित क्षेत्र में लाल निशान लगाकर निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। अतिक्रमण मुक्त कराए गए स्थान के दोनों किनारों पर मजबूत आरसीसी नाले बनाए जाएंगे, जबकि सड़क के बीच में आकर्षक डिवाइडर तैयार किया जाएगा। इस डिवाइडर पर आधुनिक बिजली के पोल और हाई क्वालिटी लाइटिंग लगाई जाएगी, जिससे रात के समय पूरा मार्ग रोशनी से जगमग रहेगा।
योजना के तहत सड़क किनारे से गुजर रही 11000 हाई वोल्टेज बिजली लाइन को भी अंडरग्राउंड किया जाएगा, जिसे विद्युत विभाग के सहयोग से पूरा कराया जाएगा। इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी कम हो जाएगी। इसके साथ ही अतिक्रमण मुक्त क्षेत्र तक चौड़ी और मजबूत सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा।
गौरतलब है कि करीब छह महीने पहले जमालपुर चौराहे से अकबरपुर रोड तक सरकारी जमीन पर स्थायी और अस्थायी निर्माण कर किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने हटाया था। लोक निर्माण विभाग ने राजस्व विभाग के साथ पैमाइश कर सड़क के बीच से दोनों तरफ 33-33 फीट जमीन चिन्हित की थी। इसके बाद अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर जगह खाली कराई गई थी।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अश्वनी पांडे ने बताया कि चिन्हित क्षेत्र में जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चिन्हित क्षेत्र के भीतर नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे किसी भी कार्य को फिलहाल रोकने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सौंदर्यीकरण योजना के अनुसार ही पूरा विकास कार्य किया जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने, नाला बनने और बेहतर लाइटिंग व्यवस्था होने से जाम, जलभराव और दुर्घटनाओं की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही यह मार्ग पहले से अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और आकर्षक दिखाई देगा।

अन्य खबर

संदिग्ध परिस्थितियों में 8 वर्षीय बच्ची को लगी गोली, हालत गंभीर

अम्बेडकरनगर में हर पात्र परिवार का बनेगा आयुष्मान कार्ड, डीएम ईशा प्रिया ने अफसरों को दी सख्त डेडलाइन

पर्वों से पहले सड़क पर उतरीं कप्तान प्राची सिंह, टाण्डा में पैदल मार्च कर अपराधियों को दिया सख्त संदेश

error: Content is protected !!

We use cookies for analytics and advertising. By continuing to use this site, you consent to our use of cookies.