अम्बेडकरनगर: शौच के लिए घर से निकले एक बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के सकरा दक्षिण गांव की है। गांव निवासी संतराम पुत्र स्वर्गीय बुनैल उम्र 65 वर्ष सोमवार सुबह नहर के किनारे शौच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर दूर जा गिरे।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और डायल 112 पर कॉल कर सहायता मांगी। सूचना पर पहुंची पीआरबी टीम ने घायल बुजुर्ग को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।इस संबंध में जैतपुर थाना अध्यक्ष धीरेंद्र आजाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।




