अम्बेडकरनगर: पीडब्ल्यूडी व तहसील प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के अंतर्गत एक बार फिर गुरुवार को बसखारी रोड स्थित बड़े पुल के पास बुलडोजर गरजा। करीब 15 दिन पूर्व सड़क पोख्ता की जमीन पर बने अवैध निर्माण को हटाने के लिए राजस्व व लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण कर कई निर्माणों को चिन्हित किया था।
इसी क्रम में एक अवैध निर्माण को पहले ही ध्वस्त कर दिया गया था, जबकि उसके बगल में स्थित तीन तलों की करोड़ों की लागत से बनी भव्य बिल्डिंग को हटाने के लिए 15 दिन का नोटिस चस्पा किया गया था। प्रशासन की सख्त चेतावनी के बावजूद भवन स्वामी द्वारा निर्धारित समयावधि में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिस पर गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे से राजस्व और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और बुलडोजर चलाकर निर्माण को ध्वस्त करना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि प्रशासन ने पूरी कार्यवाही को शांतिपूर्वक एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया। स्थानीय लोगों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का विषय बना रहा, वहीं प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगामी दिनों में भी अभियान इसी प्रकार जारी रहेगा।बसखारी रोड पर फिर गरजा बुलडोज़र, करोड़ों की बिल्डिंग ढहाई गई




