मुकदमा दर्ज कराने के लिए दरबदर भटक रहा है पीड़ित, सत्ता पक्ष के दबाव में नहीं दर्ज हुआ मुकदमा
अम्बेडकरनगर: भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता व जिला महामंत्री सुरेश कन्नौजिया की पिटाई मामले की सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं तेज़ हो गई है। दूसरी तरफ मुकेश मौर्य द्वारा भाजपा जिला महामंत्री व उनके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का हर प्रयास बेकार नज़र आने लगा है।
वायरल सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट नज़र आ रहा है कि टाण्डा नगर क्षेत्र के आदर्श तिराहा के पास मुकेश मौर्य अकेला मौजूद है जबकि भाजपा जिला महामंत्री सुरेश कन्नौजिया कई साथियों के साथ चार पहिया वाहन से आये और मुकेश को बुलाया, जहां मुकेश अपने दोनों हाथों को पीछे किये हुए है और वहां बहस हो रही है और देखते ही देखते सुरेश कन्नौजिया व उनके साथी मुकेश मौर्य को चार पहिया वाहन में बैठाने का प्रयास करने लगे जिसका विरोध करने पर मुकेश की पिटाई की गई।
उक्त वायरल वीडियों के विपरीत भाजपा जिला महामंत्री सुरेश कन्नौजिया की तहरीर पर मुकेश मौर्य, राजन मौर्य व वीरेंद्र मौर्य के खिलाफ टाण्डा कोतवाली में मुकदमा संख्या 372/25 पर कई धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया। उक्त घटना में मुकेश के भाई राजन मौर्य दूर-दूर तक नहीं नज़र आ रहे थे लेकिन सत्ता पक्ष के दबाव में पुलिस ने मुकेश मौर्य व राजन मौर्य को हिरासत में लेकर शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया हालांकि टाण्डा उप जिला मजिस्ट्रेट द्वारा दोनों को जमानत दे दी गई।
भाजपा जिला महामंत्री व उनके साथियों के द्वारा मुकेश मौर्य को चार पहिया वाहन में जबरन बैठाने एवं पिटाई करने के बाद मुकेश मौर्य द्वारा लगातार सभी अधिकारियों से मुकदमा दर्ज करने की गोहार लगाई जा रही है लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका मुकदमा नहीं दर्ज हो सका है। मुकेश मौर्य का आरोप है कि भाजपा जिला महामंत्री ने अपने साथियों के साथ गुंडागर्दी किया और सत्ता पक्ष के दबाव में उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया लेकिन उनकी फरियाद सुनने वाला कोई नहीं है जबकि घटना की सीसीटीवी फुटेज पूरी घटना का पर्दाफाश कर रही है।
बहरहाल भाजपा जिला महामंत्री की पिटाई के मामले में सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद मामला जिला महामंत्री की पिटाई के बदले मुकेश मौर्य की पिटाई नज़र आने लगी है और सत्ता पक्ष के दबाव में उल्टा मुकदमा दर्ज करने एवं पीड़ित मुकेश की सुनवाया ना होने की क्षेत्र में खूब चर्चाएं भी होने लगी है।




