अम्बेडकरनगर: टाण्डा नगर क्षेत्र में भाजपा के दो गुटों में पुरानी खुन्नस को लेकर जमकर मारपीट हो गई। एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व सभासद सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टाण्डा नगर क्षेत्र के हयातगंज पुलिस चौकी के पीछे गुरुवार-शुक्रवार की रात्रि में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए भाजपा के दो गुटों में मारपीट हुई जिससे हड़कंप मच गया। चर्चा है कि भाजपा नेता धनश्याम यादव अपने परिवार के साथ वापस लौट रहे थे कि पूर्व सभासद जय प्रकाश यादव एवं उनके भाई तेज़ प्रकाश यादव व मंशा यादव द्वारा मारपीट की गई जिसमें धनश्याम यादव ने भाग कर अपनी जान बचाई। दूसरी तरफ जय प्रकाश यादव की पत्नी ने भी धनश्याम पर फब्तियां कसने व अभद्रता करने का आरोप लगाया है। टाण्डा कोतवाली पुलिस ने धनश्याम यादव की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 52/25 पर 115(2), 352, 351(3), 324(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। मौके पर हिरासत में लिए गए पूर्व भाजपा सभासद जय प्रकाश यादव का शांति भंग में चालान कर दिया गया। जय प्रकाश यादव की पत्नी द्वारा भी टाण्डा कोतवाली में तहरीर दी गई है जिस मामले की कोतवाली पुलिस जांच करने का दावा कर रही है।
चर्चा है कि वर्तमान नगर अध्यक्ष तेजस्वी जायसवाल द्वारा धनश्याम यादव की मजबूत पैरवी की गई जिसके कारण जय प्रकाश यादव पक्ष बैकफुट पर नज़र आया।
नगर क्षेत्र में चर्चा है कि दोनों पक्ष में कई मुद्दों को लेकर वर्षों से खुन्नस चल रही है। नगरीय निकाय चुनाव के दौरान भाजपा का सिम्बल ना मिलने से नाराज़ जय प्रकाश यादव जहां निर्दलीय चुनाव लड़े थे वहीं भाजपा सभासद प्रत्याशी अजय प्रताप श्रीवास्तव की धनश्याम द्वारा मज़बूती से पैरवी की गई थी और उस दौरान भी धमश्याम यादव व जय प्रकाश यादव के बीच तनाव देखा जा रहा था तथा गत दिनों गोपाल टाकीज़ ध्वस्तीकरण मामले में भी दोनों के बीच तनातनी हुई थी और मांझा में भी भूमि विवाद को लेकर दोनों के बीच तनाव चल रहा था।
बहरहाल टाण्डा नगर क्षेत्र में पुरानी खुन्नस को लेकर भाजपा के दो गुटों के बीच हुई मारपीट की क्षेत्र में खूब चर्चाएं हो रही है।





