अम्बेडकरनगर: टांडा कोतवाली के नगर क्षेत्र स्थित सकरावल मोहल्ले में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच टकराव का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए अलग-अलग तहरीर पुलिस को दी है।

एक पक्ष की तहरीर पर सपा नगर अध्यक्ष कसीम अशरफ, दिनेश पंडित सहित अन्य लोगों के खिलाफ दीवार तोड़ने, अवैध कब्जे के प्रयास, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शिकायतकर्ता फ़ज़ले करीम के अनुसार आरोपी एकजुट होकर उसकी भूमि की चाहरदीवारी तोड़ने पहुंचे थे, जिससे वह और उसका परिवार दहशत में है।

वहीं दूसरी तरफ कसीम अशरफ का आरोप है कि संबंधित भूमि उनकी बैनामा शुदा भूमि है जिसका खराब दरवाज़ा बदला जा रहा था लेकिन फ़ज़ले करीम व ज़ैद द्वारा उनके साथ अभद्रता कर धमकी दी गई और भूमि पर कब्जा का प्रयास किया गया। इस संबंध में उन्होंने भी कोतवाली में तहरीर दी है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बहरहाल टाण्डा नगर के सकरावल में स्थित एक भूमि को लेकर सपा नगर अध्यक्ष कसीम अशरफ व बहुप्रसिद्ध सकरावल साप्ताहिक हाट प्रबन्धक फ़ज़ले करीम के बीच हुए विवाद की क्षेत्र में खूब चर्चाएं हो रही है।




