अम्बेडकरनगर: जलालपुर नगर में संचालित एचडीएफसी बैंक के कर्मचारियों पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। बैंक की कमजोर सुरक्षा व्यवस्था और समय पर कार्रवाई ना होने के कारण एक खाताधारक के एकाउंट से 03 लाख 14 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने बैंक की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामला जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के बड़ा गांव निवासी विष्णु देव से जुड़ा है। पीड़ित के अनुसार उनका एचडीएफसी बैंक जलालपुर शाखा में खाता है। दो दिन पूर्व उनके खाते से एक ही दिन में दो बार ट्रांजेक्शन कर 03 लाख 10 हजार रुपये तथा 04 हजार रुपये निकाल लिए गए। हैरानी की बात यह रही कि बैंक की ओर से किसी भी प्रकार की समय पर सूचना या अलर्ट नहीं दिया गया, जिससे बड़ी रकम पहले ही निकल चुकी थी। दूसरे ट्रांजेक्शन का मैसेज आने के बाद ही पीड़ित को ठगी की जानकारी हो सकी। पीड़ित ने तत्काल एचडीएफसी बैंक जलालपुर शाखा में शिकायत की, लेकिन वहां से जिम्मेदारी लेने के बजाय उन्हें अकबरपुर भेज दिया गया।
पीड़ित का आरोप है कि यदि बैंक समय रहते खाते को फ्रीज कर देता तो शेष रकम बचाई जा सकती थी। बाद में अकबरपुर में शिकायत दर्ज कराने के पश्चात पीड़ित ने जलालपुर कोतवाली में भी प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। बताया गया कि बैंक द्वारा जिस खाते में 01 लाख 19 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे, उसे तो फ्रीज कर दिया गया, लेकिन बैंक की देरी और लापरवाही के चलते शेष बड़ी रकम पहले ही खातों से गायब हो चुकी थी। पीड़ित ने बैंक कर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एचडीएफसी बैंक जलालपुर शाखा में इससे पूर्व भी कई खाताधारक इसी तरह की धोखाधड़ी का शिकार हो चुके हैं। इसके बावजूद बैंक प्रबंधन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने या ग्राहकों को जागरूक करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे लोगों का बैंक पर से भरोसा लगातार टूटता जा रहा है।
फिलहाल जलालपुर कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बैंक अधिकारियों को तलब कर पूरे मामले की जानकारी ली है और पीड़ित की समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस बैंक की भूमिका को भी जांच के दायरे में लेकर मामले की विवेचना कर रही है।




