जनपद अम्बेडकरनगर के थाना कोतवाली आलापुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बीमावल में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की अंगुली को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी आलापुर प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने कहा कि प्रतिमा को क्षति पहुंचाने वालों की पहचान के लिए जांच की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।
क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


