अम्बेडकरनगर: टाण्डा नगर और ग्रामीण अंचल इन दिनों गर्व और उत्साह से सराबोर है। एक ही समय में क्षेत्र की बेटी और बेटे ने देशसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर पूरे इलाके का मान बढ़ाया है। कहीं मिठाइयां बंटी, कहीं ढोल-नगाड़ों के साथ बधाइयों का दौर चला तो कहीं युवाओं ने इसे अपनी प्रेरणा बताया।
एक तरफ टाण्डा नगर क्षेत्र निवासी शिक्षक दिनेश नारायण सिंह की छोटी पुत्री अनुष्का सिंह ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में एक वर्ष का कठोर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर अपने घर वापसी की है। अनुष्का की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरा नगर गौरवान्वित महसूस कर रहा है। लोगों ने कहा कि अनुष्का ने यह साबित कर दिया है कि बेटियां भी देश की सीमाओं की रक्षा में किसी से कम नहीं हैं।

वहीं दूसरी ओर टाण्डा क्षेत्र के रसूलपुर सकरावल निवासी ग्राम प्रधान कमलेश कुमार उर्फ गुड्डू प्रधान के बड़े पुत्र समीर का भारतीय सेना में चयन हुआ है। समीर के चयन की खबर मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात बताते हुए कहा कि समीर ने मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है।
परिवारों में खुशी, क्षेत्र में उत्सव का माहौल
दोनों युवाओं की सफलता के बाद उनके घरों पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और मिठाइयां खिलाकर खुशी जाहिर की। क्षेत्रवासियों ने कहा कि यह केवल दो परिवारों की नहीं बल्कि पूरे टाण्डा की जीत है।
अनुष्का और समीर की सफलता ने क्षेत्र के युवाओं में नया जोश भर दिया है। लोगों का कहना है कि ऐसे उदाहरण यह संदेश देते हैं कि सच्ची मेहनत, अनुशासन और देशभक्ति के जज्बे से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
एक ओर बीएसएफ में प्रशिक्षित बेटी और दूसरी ओर सेना में चयनित बेटा, टाण्डा की धरती ने एक बार फिर साबित कर दिया कि यहां की युवा पीढ़ी देशसेवा के लिए सदैव तैयार है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर लंबे समय तक याद रखी जाएगी।





