WhatsApp Icon

भाजपा की डबल इंजन सरकार पर BSP का ‘वार’, अम्बेडकरनगर की पांचों सीटें जीतने का फूंका बिगुल—मायावती को पांचवीं बार CM बनाने का लक्ष्य

Sharing Is Caring:

अम्बेडकरनगर। विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी ने अम्बेडकरनगर में अपनी चुनावी तैयारी तेज करते हुए भाजपा की डबल इंजन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नवीन सब्जी मंडी के निकट एक मैरिज हाल में आयोजित जिला स्तरीय सेक्टर एवं पोलिंग बूथ कमेटी पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक में बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली रीढ़ हैं और चुनावी जीत में पोलिंग बूथ एवं सेक्टर कमेटी के पदाधिकारियों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अम्बेडकरनगर जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरने का आह्वान किया।

विश्वनाथ पाल ने भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि नौजवान, छात्र, किसान, महिलाएं, व्यापारी, कर्मचारी और अधिवक्ता सरकार की नीतियों से परेशान हैं तथा अब बहुजन समाज पार्टी को उम्मीद के रूप में देख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जी-तोड़ मेहनत करें और विधानसभा चुनाव में पांचों सीटों पर बसपा की जीत सुनिश्चित कर उत्तर प्रदेश में पार्टी सुप्रीमो सुश्री मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन के अधूरे कार्यों को दस दिन के भीतर पूरा करने का भी आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता पूर्व विधान परिषद सदस्य दिनेश चंद्रा ने की, जबकि संचालन जिलाध्यक्ष सुनील सावंत ने किया। दिनेश चंद्रा ने संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की ताकत के बल पर बसपा पहले भी जिले की पांचों सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और आगामी चुनाव में फिर से वही इतिहास दोहराने का लक्ष्य है।

बैठक के विशिष्ट अतिथि एवं बसपा अयोध्या मंडल के जोन प्रभारी दिलीप कुमार विमल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार उद्योगपतियों के हाथों की कठपुतली बन चुकी है और प्रदेश में अधिकारियों का बोलबाला बढ़ने से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। उन्होंने आरक्षण के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्गों के अधिकारों पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं, जबकि संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने वंचित वर्गों की तरक्की के लिए आरक्षण का कानूनी अधिकार दिलाया था।

बैठक में मंडल संयोजक रवि प्रकाश मौर्य, मंडल जोन प्रभारी दया राम राजभर, अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी एवं प्रत्याशी मनोज वर्मा, आलापुर विधानसभा क्षेत्र की पूर्व प्रत्याशी केडी गौतम, मंडल प्रभारी अरविंद गौतम, सभाजीत गौतम, जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सावंत सहित बड़ी संख्या में बसपा पदाधिकारी एवं हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

टांडा में भाजपा को झटका! दर्जनों कार्यकर्ताओं ने थामा BSP का हाथ

बैठक के दौरान टांडा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के बसपा में शामिल होने का भी दावा किया गया। जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम ने बताया कि भाजपा के अंकित सिंह, आलोक चौहान, राम आशीष प्रजापति, सुनील कुमार गुप्ता और संजय निषाद समेत दर्जनों लोगों ने बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

बहरहाल बसपा की इस समीक्षा बैठक ने साफ संकेत दिया है कि पार्टी अब बूथ स्तर पर संगठन मजबूत कर अम्बेडकरनगर की पांचों विधानसभा सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।

अन्य खबर

दिव्यांगजनों के लिए खुला सहूलियत का रास्ता! विकास भवन में बांटी गईं साइकिल, व्हीलचेयर और मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल

पिता ने बेटे के कंधों पर सजाए स्टार तो गर्व से चौड़ा हुआ सीना! जीवन प्रकाश तिवारी बने एनसीसी सेकंड ऑफिसर, जलालपुर में खुशी की लहर

हंसवर पुलिस का बड़ा एक्शन! 715 ग्राम स्मैक-हेरोइन के साथ दो सगे भाई गिरफ्तार, पांच-पांच मुकदमों का आपराधिक इतिहास

error: Content is protected !!