विभिन्न राज्यों /प्रदेशों एवं केंद्र शासित राज्यों की 31 टीमों के साथ ही विभिन्न राज्यों की प्रतिष्ठित क्लबों की टीमें करेंगी प्रतिभाग
अम्बेडकरनगर (रिपोर्ट: आलम खान एडिटर ) जनपद 47वें अंतरार्ष्ट्रीय पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। उक्त 47वीं राष्ट्रीय हैंडबॉल चैंपियनशिप बालक वर्ग 2025 प्रतियोगिता का पंडित दीनदयाल उपाध्याय खेल गांव (राजकीय हवाई पट्टी अकबरपुर) में 20 अप्रैल रविवार को प्रातः 06 बजे भव्य शुभारम्भ किया जाएगा।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि इस खेल कुंभ का 20 अप्रैल को भव्य आगाज होगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 06 बजे पूजा-अर्चना एवं गणेश वंदना के साथ, मुख्य अतिथि द्वारा एक मैच के शुभारंभ का फीता काटकर किया जाएगा। इसी के साथ ही प्रतियोगिता का अनौपचारिक एवं भव्य शुभारंभ अपराह्न 04 बजे से 06 के मध्य होगा, जिसमें मुख्य अतिथि द्वारा सभी खिलाड़ी मार्च पास्ट को सलामी दी जाएगी साथ ही बैलून छोड़कर एवं पूरे विधि- विधान के साथ भव्य रूप से किया जाएगा।
दो ग्राउंड में दिन में तथा एक ग्राउंड में रात्रि में होगा मैच
अकबरपुर हवाई पट्टी पर प्रतिदिन पूर्वाह्न 06 से 11 तक तथा अपराह्न में 04 से रात्रि 10 बजे तक मैच खेला जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक टीम को बेहतर एवं सुगम सुविधा उपलब्ध करायें जाने हेतु प्रत्येक टीम के साथ एक–एक अनुभवी अधिकारी को नोडल के रूप में लगाया गया है। दिनांक 18 अप्रैल से रात्रि से ही टीमों का आगमन प्रारंभ हो चुका है। सभी टीमों को उनके नोडल अधिकारी रिसीव कर सुचारू परिवहन के साथ उनके ठहरने वाले स्थान राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में पहुंचा रहे हैं, जहां खिलाड़ियों का फूल-माला, ढोल- नगाड़ा, तिलक/टीका, पुष्प वर्षा, शहनाई, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि के माध्यम से अतिथि देवो भव: की सभ्यता एवं संस्कृति के साथ भव्य स्वागत एवं सत्कार किया जा रहा है। खिलाड़ियों को एसएआई के मीन्यू के अनुरूप भोजन एवं नाश्ता उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता का रोजाना अपराह्न में भव्य शुभारंभ किया जाएगा। इसी के साथ 24 अप्रैल को क्लोजिंग सेरेमनी का भव्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम एवं रनर अप टीम के साथ ही थर्ड एवं फोर्थ स्थान वाली टीमों को पहली बार कैश प्राइज भी दिया जाएगा, जिसे लेकर खिलाड़ियों में उत्साह बहुत है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि इस प्रतियोगिता के द्वारा जनपद में खेल का अच्छा माहौल बने और इससे जनपद में छुपी हुई खेल प्रतिभाएं सामने आए/प्रेरणा ले और आने वाले समय में वह देश में जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन करें।




