लापता युवती ने वीडियो जारी कर परिजनों पर ही लगाए जान से मारने की साजिश का आरोप, सुरक्षा की लगाई गोहार
अम्बेडकरनगर के जलालपुर थाना में गत 23 मार्च को दर्ज मुकदमा संख्या 96/26 अब पूरी तरह उलझ गया है। जिस युवती को परिजनों ने बहला-फुसलाकर भगाए जाने की आशंका में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, उसी युवती ने वायरल वीडियो जारी कर अपने ही परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगा दी है।
तहरीर के मुताबिक ग्राम शाहपुर फिरोजपुर थाना जलालपुर निवासी अरुण उपाध्याय पुत्र रामचन्द्र उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि उनकी भतीजी प्रिंसी उपाध्याय (20) पुत्री विजय कुमार उपाध्याय 22 मार्च की सुबह करीब 10 बजे घर से फार्म भरने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने आशंका जताई कि उसे कोई बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इसी आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इस खबर की वीडियो फेसबुक पर देखने के लिए 💐 इसे टच करें
मगर मामले ने उस वक्त सनसनीखेज मोड़ ले लिया जब कथित तौर पर प्रिंसी उपाध्याय का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में युवती ने दावा किया कि वह अपनी मर्जी से अपने पति के साथ है और उसे अपने ही परिजनों से जान का खतरा है। युवती ने आरोप लगाया कि उसके पति और ससुराल पक्ष को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची जा रही है, यहां तक कि हत्या की आशंका भी जताई।
वीडियो में युवती ने साफ शब्दों में प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि यदि उसके या उसके पति के साथ कोई घटना होती है तो उसके लिए उसके परिजन जिम्मेदार होंगे। इंस्ट्राग्राम पर वीडियो देखने के लिए इसे टच करें।
इस पूरे घटनाक्रम ने केस को पूरी तरह पलट दिया है। पहले जहां परिजन अपहरण की आशंका जता रहे थे, वहीं अब युवती के बयान ने परिजनों पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं और पुलिस पर निष्पक्ष जांच का दबाव बढ़ गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। युवती का बयान दर्ज कराने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल यह मामला ‘लापता’ से ‘सुरक्षा विवाद’ में बदलता नजर आ रहा है और पूरे प्रकरण ने जिले में हलचल मचा दी है।








