अम्बेडकरनगर: चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान की जयंती पर अम्बेडकरनगर की सड़कों पर अभूतपूर्व शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। भाजपा नेता व नारायण फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य के नेतृत्व में निकली विशाल बाइक रैली ने शहर की रफ्तार थाम दी। जिले के कोने-कोने से पहुंचे 2500 से अधिक बाइक सवारों का काफिला जब जलालपुर रोड से कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ा तो पूरा शहर झंडों, नारों और इंजनों की गूंज से दहल उठा।
हजारों युवाओं की भीड़ के साथ निकली इस रैली ने कई स्थानों पर जाम जैसे हालात पैदा कर दिए। सड़कें बाइकों से पट गईं और लोग छतों व दुकानों से इस नज़ारे को देखते रहे। अनुशासन और जोश के बीच निकली शोभायात्रा जिला मुख्यालय पहुंची, जहां सर्वसमाज के लोगों ने डॉ. आंबेडकर, पटेल नगर स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा और तहसील तिराहे पर अशोक स्तंभ पर माल्यार्पण कर सम्राट अशोक के आदर्शों को नमन किया।
हाथों में झंडे, बाइकों की लंबी कतार और नारों के साथ निकला काफिला पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया। आयोजकों ने इसे सम्राट अशोक के समभाव, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास बताया।
मीडिया से बातचीत में विवेक मौर्य ने कहा, “राष्ट्र नायक और अखंड भारत के निर्माता सम्राट अशोक मानवता के प्रतीक थे। उनके शासन में समान अवसर और सामाजिक सद्भाव की नींव रखी गई। उसी विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए अकबरपुर में यह विशाल बाइक रैली निकाली गई, जिसमें सभी समाज और धर्म के युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।”
उन्होंने कहा कि जिले के कोने-कोने से पहुंचे 2500 से अधिक युवाओं ने इस रैली को ऐतिहासिक बना दिया। यह आयोजन सम्राट अशोक के विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प है।








