—अभिभावकों से बच्चों का हौसला बढ़ाने की अपील
अम्बेडकरनगर: टाण्डा नगर क्षेत्र के नैपुरा में संचालित टीडीटी स्कूल में आयोजित रिपोर्ट कार्ड वितरण कार्यक्रम के दौरान नर्सरी से लेकर कक्षा 5 तक के सभी बच्चों को उनका परिणाम दिया गया। इस अवसर पर स्कूल प्रशासन ने बताया कि सभी बच्चों ने अपने-अपने स्तर पर मेहनत की और अधिकांश का परिणाम संतोषजनक व बेहतर रहा।
विद्यालय की ओर से प्रत्येक कक्षा में केवल तीन-तीन छात्रों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। इसका उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति लगन बढ़ाना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल तैयार करना रहा। मेडल पाने वाले विद्यार्थियों को आगे और मेहनत जारी रखने की प्रेरणा दी गई, वहीं जो बच्चे कुछ अंकों से पीछे रह गए, उन्हें निराश न होकर अगली बार बेहतर प्रदर्शन के लिए मेहनत करने को प्रोत्साहित किया गया।
स्कूल प्रशासन ने सभी अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि बच्चों के रिज़ल्ट को लेकर उन्हें डांटने या दबाव देने के बजाय उनका हौसला बढ़ाएं। बच्चों को सकारात्मक माहौल और प्रोत्साहन मिलेगा तो वे आगे और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
इस दौरान विद्यालय में बच्चों और अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।








