बाल स्वरूप में उदय प्रताप सिंह बने आकर्षण का केंद्र
टांडा नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा, आरती और प्रसाद वितरण कर किया स्वागत
अम्बेडकरनगर: विक्रम संवत 2083 चैत्र शुक्ल नवमी की पावन तिथि पर मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर नव संवत्सर स्वागत समारोह समिति टांडा के तत्वावधान में प्रभु श्रीराम के बाल स्वरूप की भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। श्रीराम रंगमंच चौक से बाजे-गाजे के साथ शुरू हुई इस शोभायात्रा में बाल स्वरूप में उदय प्रताप सिंह शोभायमान रहे, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने।

शोभायात्रा का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष आनंद कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष सरदार त्रिलोक सिंह, संतोष कुमार अग्रवाल, महामंत्री दिनेश नारायण सिंह, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार साहू सहित दीपक केडिया, दिलीप खेतान, कमल कपूर, जगदीश प्रसाद वैद्य, अनिल सिंह आदि पदाधिकारियों ने किया। यात्रा जैसे-जैसे नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी, श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा, आरती और प्रसाद वितरण कर स्वागत किया। श्री गुरुद्वारा सिंह सभा के समक्ष ग्रंथी सरदार अमरजीत सिंह व सहयोगियों ने शीतल जल और प्रसाद से अभिनंदन किया। श्री झारखंड महादेव मंदिर छज्जापुर पर श्रवण कुमार अग्रवाल, विक्रम अग्रहरि, अरुण अग्रवाल, जयपाल मौर्य समेत अन्य लोगों ने आरती उतारी।
श्री नवदुर्गा मंदिर फत्तु पट्टी, मीरापुर और मीरानपुरा में भी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। विनय अग्रहरि, मनोज सहगल, गोविंद सिंह के नेतृत्व में अक्षय सिंह, प्रतिभा सिंह, वैशाली सिंह, स्वाति सिंह सहित महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर माहौल भक्तिमय बना दिया। रास्ते में विवेक चंद्रा ‘जीतू’, राम अचल गौड़, पप्पू यादव, बलराम सिंह आदि ने भी आरती कर श्रद्धालुओं को शीतल जल पिलाया।
सब्जी मंडी, कपड़ा मंडी, पिपलेश्वर महादेव मंदिर और श्री मठिया माता मंदिर होते हुए शोभायात्रा पुनः चौक स्थित पुलिस बूथ के पास पहुंची, जहां सुसज्जित हवन कुंड में भव्य हवन संपन्न हुआ। पंडित काशी नाथ मिश्रा, दिनेश कश्यप और रविंद्र सिंह के नेतृत्व में महाआरती आयोजित की गई, जबकि धीरज श्रीवास्तव ने प्रसाद वितरण कराया।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष आनंद कुमार अग्रवाल और महामंत्री दिनेश नारायण सिंह ने नगरवासियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सुरक्षा कर्मियों व नगर पालिका परिषद कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया तथा अगले वर्ष तक नव संवत्सर स्वागत समारोह को स्थगित करने की घोषणा की।
शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। टांडा कोतवाली निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी व अलीगंज थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ पूरी व्यवस्था में मुस्तैद रहे।
जय श्रीराम के जयकारों, भक्ति गीतों और पुष्पवर्षा के बीच पूरी शोभायात्रा श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक उत्साह से सराबोर रही।








