अम्बेडकरनगर: निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जलालपुर तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष अखिलेश सिंह यादव, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता व जिला उपाध्यक्ष सुनील सिंह, बहुजन समाज पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष राजबहादुर, भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
उपजिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य शुरू किया जा रहा है। इसमें सही मतदाताओं की पहचान, मृतकों के नाम व एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित लोगों के नाम हटाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि बीएलए और बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) मिलकर सही मतदाताओं की पहचान कर सकें। उन्होंने बताया कि 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। इस दौरान बीएलओ द्वारा मतदाताओं को फार्म उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें नागरिकों को अपनी सभी जानकारियाँ भरकर बीएलओ को जमा करनी होंगी। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सीधे उपजिलाधिकारी से संपर्क करने के निर्देश दिए गए। उपजिलाधिकारी/ उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं के नाम 2003 की मतदाता सूची में पहले से दर्ज हैं, उन्हें केवल एक पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। जबकि नए मतदाताओं को फॉर्म-6 भरकर स्वयं का और माता-पिता का पहचान पत्र संलग्न करना होगा, तथा फॉर्म पर केवल मतदाता के ही हस्ताक्षर मान्य होंगे।उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 4 नवंबर से 4 दिसंबर: बीएलओ द्वारा घर-घर सर्वे एवं नए मतदाताओं का जोड़ने का कार्य, 5 से 8 दिसंबर: ड्राफ्ट रोल तैयार किया जाएगा, 9 दिसंबर: ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन, 9 दिसंबर से 8 जनवरी: आपत्तियाँ दर्ज कराने की प्रक्रिया, 9 दिसंबर से 31 जनवरी: आपत्तियों का निस्तारण व सुधार कार्य, 7 फरवरी: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।




