अम्बेडकरनगर। संयुक्त प्रेस क्लब टाण्डा ने संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं अनुशासित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए संगठन के विस्तार का ऐलान किया है। रविवार को टाण्डा मॉन्टेसरी पब्लिक स्कूल में आयोजित क्लब की महत्वपूर्ण बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता के नए मानकों, अनुशासन तथा भविष्य की कार्ययोजना को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक वरिष्ठ पत्रकार सत्य प्रकाश मौर्य की सरपरस्ती एवं क्लब के अध्यक्ष फखरे आलम खान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में सबसे अहम निर्णय संगठन के विस्तार को लेकर लिया गया। तय किया गया कि संयुक्त प्रेस क्लब टाण्डा अब तहसील क्षेत्र में कार्यरत सक्रिय और निष्पक्ष पत्रकारों को संगठन से जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान चलाएगा। हालांकि, संगठन की गरिमा और विश्वसनीयता को बनाए रखने के लिए सदस्यता के स्पष्ट मानदंड भी निर्धारित किए गए हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संयुक्त प्रेस क्लब की सदस्यता केवल उन्हीं पत्रकारों को प्रदान की जाएगी, जो पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हों तथा जिनके नाम पर संगठन के कम से कम 50 प्रतिशत सदस्य अपनी सहमति दें। पदाधिकारियों ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य संगठन में केवल सक्रिय, जिम्मेदार और पेशेवर पत्रकारों को स्थान देना है, ताकि क्लब की साख और प्रभाव लगातार मजबूत होता रहे।
संगठनात्मक अनुशासन को लेकर भी बैठक में कड़ा रुख अपनाया गया। सदस्यों ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि संगठन के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप एवं आंतरिक बैठकों की चर्चाओं को सार्वजनिक करना संगठन की एकता और विश्वास के विपरीत है। इस पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिया गया कि ऑफिशियल ग्रुप या संगठन की गोपनीय सूचनाओं को सार्वजनिक करने वाले सदस्य के विरुद्ध कठोर संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी सदस्यों से संगठन की मर्यादा और गोपनीयता बनाए रखने की अपील की गई।
बैठक में हाल ही में जिला प्रेस क्लब में संयुक्त प्रेस क्लब टाण्डा के सदस्यों के निर्वाचित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर निर्वाचित सदस्यों का सम्मान किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जनपद के सभी पत्रकारों को आमंत्रित करने पर भी सहमति बनी, जिससे पत्रकारों के बीच आपसी सहयोग, समन्वय और एकजुटता को और मजबूत किया जा सके।
बैठक के दौरान पत्रकार हितों, संगठन की भावी रणनीति तथा पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि संयुक्त प्रेस क्लब टाण्डा निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा तथा संगठन को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
बैठक का संचालन क्लब के महामंत्री कृष्ण कुमार कसौधन ने किया। इस अवसर पर सत्य प्रकाश मौर्य, फखरे आलम खान, राम कुमार सोनी, नूर आलम, कृष्ण कुमार कसौधन, सुनील शर्मा, ओम शंकर सोनी, सुनील सिंह सलूजा, आदित्य कुशवाहा, संदीप जायसवाल, अदनान अहमद, काशी मिश्रा, प्रतीक सोनी, मोहम्मद राशिद, श्याम शर्मा, सरफराज अहमद सहित संयुक्त प्रेस क्लब टाण्डा के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।




