अम्बेडकरनगर: जलालपुर तहसील क्षेत्र के अकबरपुर रोड स्थित मैनपुर मोड़ के पास सड़क किनारे दर्जनों पेड़ों में पिछले एक सप्ताह से आग सुलग रही है, जिससे कई पेड़ जलकर नष्ट हो चुके हैं और कई सूखने की कगार पर हैं। आग की लपटें कभी भी बड़ा रूप ले सकती हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत और नाराज़गी है। राहगीरों, स्कूली छात्रों और आसपास के निवासियों का कहना है कि आग की जानकारी संबंधित विभागों नगरपालिका, फायर ब्रिगेड, वन विभाग और राजस्व विभाग को कई बार दी गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। जबकि इन्हीं विभागों के अधिकारी और कर्मचारी प्रतिदिन इसी मार्ग से गुजरते हैं।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासनिक उदासीनता पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि यदि जल्द ही आग पर काबू नहीं पाया गया तो यह एक बड़े अग्निकांड का रूप ले सकती है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान संभव है।इस संबंध में उप जिलाधिकारी जलालपुर को जानकारी दी गई, तो उन्होंने तत्काल नगर पालिका और फायर विभाग को सूचना देकर आग बुझाने के निर्देश देने की बात कही। अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक इस गंभीर समस्या पर ठोस कार्रवाई करता है।




