अम्बेडकरनगर: महामाया मेडिकल कॉलेज दवा लेने जा रहे चाची-भतीजे को रास्ते में अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एंबुलेंस सेवा की सुस्ती सामने आई, जबकि स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को बैटरी रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया।
घटना जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के वाजिदपुर स्थित बीएसएनएल एक्सचेंज ऑफिस के पास की है। जानकारी के अनुसार सिपाही गांव निवासी लक्ष्मी पत्नी छट्ठू अपने भतीजे निखिल चौहान के साथ मोटरसाइकिल से महामाया मेडिकल कॉलेज इलाज के लिए जा रही थीं। जैसे ही वे अकबरपुर रोड पर बीएसएनएल एक्सचेंज के पास पहुंचे, तभी परुइया आश्रम महिला महाविद्यालय की ओर से अकबरपुर जा रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में निखिल चौहान के सिर में गंभीर चोट आई और नाक से खून बहने लगा, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया। वहीं लक्ष्मी के सिर में भी गहरी चोट आई और वह लहूलुहान हो गईं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 108 एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान घायल सड़क पर तड़पते रहे। आखिरकार राहगीरों ने एक बैटरी रिक्शा रोककर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया।
डॉक्टरों ने निखिल की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि लक्ष्मी का इलाज जारी है। एंबुलेंस सेवा की देरी को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक ने बताया कि महिला का उपचार चल रहा है, जबकि निखिल को गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल भेजा गया है।
वहीं जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








