अम्बेडकरनगर: सर्राफा दुकान पर दिनदहाड़े लूट की कोशिश करने वाले शातिर आरोपी को टाण्डा कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के पास से लूटा गया सोना और नकली लाइटर पिस्टल भी बरामद हुई है।

टाण्डा कोतवाली निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी के अनुसार, 17 मार्च मंगलवार को टाण्डा नगर क्षेत्र में स्टेट बैंक के पास स्थित अखिलेश ज्वेलर्स की दुकान पर आरोपी मोहम्मद सलीम पुत्र मोहम्मद शमीम निवासी छोटी बाजार पहुंचा। उसने ग्राहक बनकर पहले सोने की अंगूठियां और चैन देखीं, फिर अचानक दुकानदार को लाइटर पिस्टल दिखाकर धमकाते हुए सामान लेकर भागने लगा। दुकानदार के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 नग सोने की अंगूठियां, एक सोने की चैन और एक नकली लाइटर पिस्टल बरामद कर लिया है।
इस मामले में थाना टाण्डा पर मुकदमा संख्या 72/26 धारा 309(4) व 317(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिव बख्श सिंह, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, हेड कांस्टेबल विनय कुमार मिश्रा और कांस्टेबल जितेंद्र कुमार शामिल रहे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। इससे पहले भी वह नकली ड्रग्स इंस्पेक्टर बनकर मेडिकल स्टोर पर छापेमारी करते पकड़ा गया था और जेल जा चुका था। जमानत पर बाहर आते ही उसने फिर वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। इस कार्रवाई के बाद जहां पुलिस की सक्रियता की सराहना हो रही है, वहीं जमानत पर छूटे अपराधियों पर निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।








