अंबेडकरनगर। तेज रफ्तार ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से आए दिन हो रहे हादसों के बीच बुधवार सुबह इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के एनवा बाजार में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस के जाबांज जवानों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच सकी।
बताया जाता है कि अयोध्या जनपद की ईंट लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बाइक सवार साबिर पुत्र जबीर निवासी अलीगंज टांडा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साबिर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी पसली टूट गई।घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने तुरंत पुलिस वाहन भेजा। मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल सुधीर कुमार सिंह व रणधीर सिंह ने घायल युवक को अपनी गाड़ी से प्राथमिक उपचार के लिए सिफा हॉस्पिटल इल्तिफातगंज में भर्ती कराया। पुलिस ने परिजनों को भी तत्काल सूचना दी।
अस्पताल में डॉक्टर ताज मोहम्मद ने जांच के बाद बताया कि युवक के सीने के पास की पसली टूटने से हालत गंभीर है। इसके बाद परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए सद्दरपुर पीजीआई रेफर कर ले गए। खबर लिखे जाने तक युवक का इलाज सद्दरपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा था।
इधर, हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की। क्षेत्र में हेड कांस्टेबल सुधीर कुमार सिंह व रणधीर सिंह की जमकर प्रशंसा हो रही है। वहीं थानाध्यक्ष आशुतोष शर्मा की त्वरित कार्रवाई से घायल को समय पर इलाज मिल सका।
स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि एआरटीओ विभाग की ढिलाई के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और निर्दोष लोग हादसों का शिकार बन रहे हैं।








