अम्बेडकरनगर: आगामी 13 नवम्बर को होने वाले 277 कटेहरी उपचुनाव के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया जारी है। 18 अक्टूबर से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया की अंतिम तारीख 25 अक्टूबर निर्धारित की गई है। सोमवार को जहां एक प्रत्याशी द्वारा नामांकन किया गया था वहीं मंगलवार को सपा प्रत्याशी ने भी नामांकन किया है।
इस बीच पीस पार्टी ने जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए उपचुनाव में नामांकन पत्र ना देने का आरोप लगाया है। कटेहरी उपचुनाव में पीस पार्टी के प्रभारी मौलाना अफ़ज़ल नदवी ने जिला प्रशासन पर आरोप लगाते हुए बताया कि चार दिनों से उन्हें किसी न किसी कागजात के बहाने दौड़ाया जा रहा है जिससे उनकी पार्टी नामांकन नहीं कर पा रही है। उन्होंने उपचुनाव में बड़ी धांधली का भी आरोप लगाया है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन पर लगाए गये आरोप पूर्णतया असत्य एवं निराधार हैं। जिला प्रशासन पूर्णरूप से निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से चुनाव को सम्पन्न कराने हेतु कटिबद्ध है।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि नामांकन के लिए जरूरी कागजातों की जानकारी दी जा चुकी है, फिलहाल ऐसा कोई मामला नहीं है।



