अम्बेडकरनगर: पति-पत्नी और प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवादों के मामले इन दिनों लगातार मीडिया की सुर्खियों में बने हुए हैं। कभी पति आत्महत्या कर रहा है, तो कभी पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या जैसे संगीन वारदात को अंजाम दे रही है।
ऐसा ही एक मामला जिले के जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित पति ने जलालपुर थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी पत्नी पिछले कुछ समय से मोबाइल पर किसी व्यक्ति से लगातार बात करती रहती है। जब उसने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच आए दिन विवाद होने लगा। पति का कहना है कि वह कई बार पत्नी को समझाने का प्रयास कर चुका है, लेकिन स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी अब उसे जान से मारने की धमकी देती है, जिससे वह डरा-सहमा हुआ है और उसे अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। ऐसे में उसने पुलिस से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में जलालपुर कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि, पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के उपरांत विधिक कार्रवाई की जाएगी।




