अम्बेडकरनगर: टाण्डा विधानसभा की मासिक बैठक इस बार सिर्फ संगठनात्मक समीक्षा तक सीमित नहीं रही, बल्कि अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर तीखी राजनीतिक प्रतिक्रिया का मंच बन गई। मौर्य मैरेज लान, पुन्थर में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं ने ईरान के सुप्रीम लीडर Ayatollah Ali Khamenei को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा।

बैठक में अमेरिका और इज़राइल द्वारा शुरू की गई जंग की कड़ी निंदा करते हुए तत्काल युद्धविराम की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि वैश्विक अस्थिरता को बढ़ाने वाला कदम है।
टाण्डा विधायक राममूर्ति वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व शांति को खतरे में डालने वाली ताकतों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना जरूरी है। पूर्व एमएलसी विशाल वर्मा ने भी अंतरराष्ट्रीय तनाव को चिंताजनक बताते हुए कूटनीतिक समाधान की वकालत की।
मासिक बैठक व शोक सभा में जिला महासचिव मुजीब अहमद सोनू, विधानसभा अध्यक्ष संदीप यादव, टाण्डा नगर अध्यक्ष सैय्यद कसीम अशरफ समेत अन्य पदाधिकारियों ने एक सुर में कहा कि मानवता के नाम पर युद्ध तत्काल रोका जाना चाहिए।
बैठक में रघुनाथ यादव, आमिर सिद्दीकी, मुशीर आलम अंसारी, सलमान एडवोकेट, अब्दुल मबूद एडवोकेट, जफर हयात अंसारी, हाफिज जी, अजज्य प्रधान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में पारित प्रस्ताव में स्पष्ट कहा गया कि विश्व शांति की बहाली ही समय की मांग है और सभी देशों को संवाद के रास्ते पर लौटना चाहिए।
सपा की इस बैठक ने स्थानीय राजनीति में अंतरराष्ट्रीय मुद्दे को केंद्र में ला दिया है, जिससे सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है।





