अम्बेडकरनगर: जनपद में होलिका दहन का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। निर्धारित शुभ मुहूर्त में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। देर रात तक विभिन्न मोहल्लों व ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सव का माहौल बना रहा।
अब टाण्डा नगरवासियों की निगाहें कल निकलने वाले भव्य होली जुलूस पर टिकी हैं। होली जुलूस कमेटी के नेतृत्व में प्रातः 9:30 बजे झारखंड महादेव मंदिर से गाजे-बाजे के साथ जुलूस का शुभारंभ होगा। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जुलूस रंग-गुलाल और उत्साह के बीच आगे बढ़ेगा।
होली जुलूस में मुख्य आकर्षक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (पुल्लु चौरसिया) भारी सुरक्षा के बीच नज़र आएंगे। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शोभा बढ़ाने की अपील की है।
रंगोत्सव के बाद शाम को टांडा चौक स्थित पुराना रामलीला मैदान में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ लोगों को एक-दूसरे को गले लगाकर पर्व की शुभकामनाएं देने का अवसर मिलेगा।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि पूरा कार्यक्रम शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हो सके।








