अम्बेडकरनगर: टाण्डा नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी बदस्तूर जारी है हालांकि नगर पालिका कर्मियों ने छठ पूजा पर्व पर मानवता दिखाते हुए प्रमुख घाटों पर विशेष साफ सफाई की व्यवस्था किया जिसकी क्षेत्र में सराहना हो रही है।
कार्तिक मास में शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को छठ पूजा का पर्व मनाया जाता है। छठ पूजा का चार दिवसीय व्रत संतान की खुशहाली और अच्छे जीवन की कामना के लिए किया जाता है। यह अनुपम व्रत सूर्योपासना का है। इस दौरान सूर्यदव की पूजा की जाती है। टाण्डा नगर क्षेत्र के हनुमानगढ़ी व अन्य घाटों पर छठ पूजा का विशेष आयोजन होता है।
बुधवार से जारी नगर पालिका कर्मियों की हड़ताल के दौरान अधिशाषी अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाओं को देखते हुए उक्त घाटों पर विशेष साफ सफाई की व्यवस्था कराया जिसकी स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना किया। श्री मनोज ने बताया कि चौक में नगर पालिका कर्मियों से अभद्रता कर सरकारी दस्तावेजों को क्षरिग्रस्त करने वाले दीपक केडिया के खिलाफ जब तक मुकदमा दर्ज नहीं हो जाता है तब तक नगर पालिका कर्मियों की कार्य बहिष्कार (हड़ताल) जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र वासियों की असुविधाओं को देखते हुए पानी की सप्लाई व प्रकाश की समुचित व्यवस्था जारी रहेगी लेकिन हड़ताल में सफाई कर्मचारियों के शामिल होने के कारण सफाई व्यवस्था बाधित रहेगी।
नगर पालिका कर्मियों के हड़ताल के दूसरे दिन नगर पालिका परिसर में धरना प्रदर्शन करने पर भी ईओ टाण्डा ने रोक लगा दिया है। उक्त मामले पर उन्होंने कहा कि कोविड 19 की महामारी को देखते हुए किसी को भी भीड़ जमा करने की अनुमति नहीं है। श्री मनोज ने बताया कि हड़ताल जारी है इसलिए कार्यालय में भी कोई कार्य नहीं किया जा रहा है।


