अम्बेडकरनगर जनपद में फ्यूल को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ‘नो फ्यूल’ के बोर्ड लगाए जाने से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। मोटरसाइकिल सवार पेट्रोल के लिए घंटों लाइन में खड़े हैं, जबकि कई जगहों पर बाइकों में पेट्रोल न देकर बोतल व डिब्बों में सप्लाई किए जाने से विवाद की स्थिति पैदा हो रही है।
बभनजोतिया स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ के बीच डिब्बों में तेल देने को लेकर नोकझोंक हो गई। लोगों का आरोप है कि बाइकों में पेट्रोल खत्म होने के बावजूद उन्हें लाइन में खड़ा रखा गया, जबकि कुछ लोगों को डिब्बों में पेट्रोल दिया जा रहा था। इससे मौके पर आक्रोश फैल गया और हालात तनावपूर्ण हो गए।
बताया जा रहा है कि बीती देर रात से ही पेट्रोल भरवाने के लिए बाइक सवारों की लंबी कतारें लग गई थीं। कई लोग घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हुए। दूसरी ओर, जिला पूर्ति अधिकारी का सीयूजी नंबर नहीं उठने से स्थिति को लेकर संशय बना हुआ है और अफवाहों का दौर तेज हो गया है।
इधर, जिस पेट्रोल पंप पर फ्यूल उपलब्ध होने की सूचना मिल रही है, वहां तुरंत भारी भीड़ जमा हो जा रही है, जिससे अव्यवस्था और बढ़ती जा रही है।
गौरतलब है कि जिलाधिकारी द्वारा पहले ही बोतल और डिब्बों में फ्यूल देने पर रोक लगाई गई थी, ताकि कालाबाजारी और अनावश्यक जमाखोरी को रोका जा सके। इसके बावजूद कुछ पेट्रोल पंपों पर खुलेआम डिब्बों में पेट्रोल दिए जाने से प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी के आरोप लग रहे हैं।
इसी बीच जिलाधिकारी द्वारा दोपहर 12 बजे प्रेस वार्ता किए जाने की जानकारी सामने आई है, जिसके बाद ईंधन की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्ती बरतने और आम उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने की मांग की है, ताकि हालात जल्द सामान्य हो सकें।








