अम्बेडकरनगर: संचारी रोगों और मच्छरों से फैलने वाली संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से बुधवार को जलालपुर महिला अस्पताल परिसर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर के अधीक्षक प्रवीण कुमार बादल ने हरी झंडी दिखाकर संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने और जागरूक रहने की अपील की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी दिनेश राम ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा, जबकि दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगा। उन्होंने कहा कि दोनों अभियानों में विभिन्न विभागों की संयुक्त भागीदारी सुनिश्चित की गई है, ताकि मच्छरों और अन्य जीवों से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सके। सीएचसी जलालपुर के अधीक्षक प्रवीण कुमार बादल ने कहा कि गर्मी और बरसात के मौसम में मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को अपने घरों और आसपास विशेष रूप से साफ-सफाई रखनी चाहिए। उन्होंने स्वच्छ पेयजल के उपयोग, घरों के आसपास उगी झाड़ियों की सफाई और मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी के नियमित प्रयोग की सलाह दी।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अनिल त्रिपाठी ने बताया कि संचारी रोगों से बचाव के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जहां नालियां खुली हों उन्हें ढक दिया जाए तथा जहां पानी जमा होता हो वहां मोबिल ऑयल डालकर या मिट्टी से भरकर मच्छरों के पनपने की संभावना समाप्त की जा सकती है।
अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी प्रयासों से सफल नहीं होगा, बल्कि आम जनता की जागरूकता और सहयोग भी उतना ही आवश्यक है। सभी नागरिकों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, जलभराव न होने देने और स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता और अन्य विभागों से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।








