अम्बेडकरनगर के जलालपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर फिरोजपुर गांव में पुरानी रंजिश ने शनिवार रात हिंसक रूप ले लिया। घर में घुसकर की गई मारपीट के बाद चली गोली से दो लोग घायल हो गए, जबकि पूरे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। घायल युवक की मां सुलेखा के मुताबिक, परिवार घर में भोजन कर रहा था तभी गांव के ही कुछ लोग पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए दरवाजे पर आ धमके। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि लाठी-डंडों से पिटाई के बीच अचानक पिस्तौल निकाली गई और फायर झोंक दिया गया।
गोली टाइगर उर्फ जुगनू कुमार के दाहिने गाल को चीरते हुए निकल गई। खून से लथपथ युवक को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दूसरे घायल को भी उपचार दिया जा रहा है।
परिजनों ने चार नामजद और पांच अज्ञात हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस एहतियातन गश्त बढ़ा दी गई है।
कोतवाल अजय कुमार यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।








