अम्बेडकरनगर: जलालपुर क्षेत्र में अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामनेई के मारे जाने की खबर फैलते ही शिया समुदाय में गहरा शोक व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही जाफराबाद से सैकड़ों लोग जुलूस की शक्ल में निकलकर कस्बे के सराय चौक स्थित रौजा कासिम पहुंचे, जहां मरहूम नेता को खिराज-ए-अकीदत पेश की गई। प्रदर्शन को लेकर प्रशासन एलर्ट मूड में आ कर सुरक्षा व्यवस्था बढा दी गई है।
इस दौरान समुदाय के लोगों ने काले वस्त्र धारण कर सामूहिक मातम मनाया और गम का इजहार किया। सभा में वक्ताओं ने खामनेई को शिया मुस्लिम जगत का प्रभावशाली धार्मिक व राजनीतिक मार्गदर्शक बताते हुए उनकी सेवाओं को याद किया। उपस्थित लोगों ने ईरान की सलामती, अमन और स्थिरता के लिए सामूहिक दुआ भी की।
कार्यक्रम के दौरान अमेरिका और इजरायल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आक्रोश व्यक्त किया गया। हालांकि पूरे आयोजन में अनुशासन बनाए रखा गया और शांति व्यवस्था कायम रही।
एहतियातन क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा। अपर पुलिस अधीक्षक श्याम देव, क्षेत्राधिकारी पूर्वी अनूप कुमार सिंह तथा जलालपुर कोतवाल अजय कुमार यादव स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम की निगरानी करते रहे। पुलिस प्रशासन की सतर्कता के चलते आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।








