अम्बेडकरनगर: पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के उद्देश्य से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारतीय सेना का सम्मान करने के लिए भव्य भारत शौर्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगा। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के सफलता पूर्वक संपन्न होने पर भारतीय सेना के वीर सैनिकों के सम्मान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के निर्देशन पर जनपद में 11 मई रविवार को प्रातः 08 बजे से पटेल तिराहे से पुरानी तहसील तिराहे तक “भारत शौर्य तिरंगा यात्रा” निकाली जाएगी। इस यात्रा में जन प्रतिनिधिगणों के साथ ही समस्त विभागों के अधिकारीगण, एनएसएस, स्काउट, एनसीसी कैडेट्स के साथ-साथ बड़ी संख्या में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ हाथों में तिरंगा लहराते हुए देशभक्ति के नारों के उद्घोष के साथ सम्मिलित होंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि “भारत शौर्य तिरंगा यात्रा” का राज्य स्तर पर शुभारंभ मुख्यमंत्री जी द्वारा 5 कालिदास मार्ग लखनऊ से किया जाएगा। जिलाधिकारी ने भारतीय सेवा के सम्मान में निकाली जा रही तिरंगा यात्रा में सभी को सम्मिलित होने की अपील करते हुए कहा कि आइए हम सभी मिलकर एक साथ, एक ध्वज, एक स्वर में सेना को सम्मान दें।




