अम्बेडकरनगर जनपद में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना हंसवर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो देशी पिस्टल, कारतूस, चाकू, मोबाइल फोन, पेटीएम बैंक मशीन, नकदी और स्कार्पियो वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) हरेन्द्र कुमार व क्षेत्राधिकारी टाण्डा शुभम कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष हंसवर अभिनेष कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 28 फरवरी को एसआई मनोज कुमार सैनी मय फोर्स 06 नंबर पुलिया पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हरसम्हार से बरही एदिलपुर की ओर जा रही काली स्कार्पियो (UP 14 GF 2115) में तीन व्यक्ति अवैध पिस्टल व कारतूस लेकर किसी आपराधिक घटना की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर पाठक पुरवा बह्द ग्राम हरसम्हार के पास वाहन को रोक लिया गया। तलाशी में दो अदद नाजायज देशी पिस्टल (.32 बोर), तीन जिंदा कारतूस, एक नाजायज चाकू, चार मोबाइल फोन, एक पेटीएम बैंक मशीन, 6,390 रुपये नकद व स्कार्पियो वाहन बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आकाश मिश्रा निवासी तरौली मुबारकपुर (हाल पता गाजियाबाद) व अमन मिश्रा निवासी तरौली मुबारकपुर (हाल पता गाजियाबाद) अमर पंडित निवासी रामपुरी सूर्यनगर, गाजियाबाद के रूप में पहचान हुई है।
तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें पूर्व में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि बरामद असलहे सुल्तानपुर निवासी एक व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराए गए थे, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
बरामदगी के आधार पर थाना हंसवर में मुकदमा अपराध संख्या 26/26 धारा 3/25, 4/25 शस्त्र अधिनियम व 3(v) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के अंतर्गत सीज कर दिया गया है।
पुलिस टीम की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।








