अम्बेडकरनगर: अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के रतनपुर बाईपास के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शॉर्ट सर्किट की वजह से गेहूं के खेत में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 4 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खेत के पास से गुजर रही बिजली लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे निकली चिंगारी सूखी फसल पर गिर गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी। आसपास के किसानों और ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बाल्टी, पंपसेट और मिट्टी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। घटना में किसानों की खड़ी फसल पूरी तरह जल गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
सूचना पर स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को मुआवजा दिलाने और जर्जर बिजली लाइनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
बताया जा रहा है कि अगर समय रहते ग्रामीण आग पर काबू नहीं पाते तो आसपास के अन्य खेत भी चपेट में आ सकते थे।








