अम्बेडकरनगर: जनपद मुख्यालय के शहजादपुर स्थित पुरानी सब्जी मंडी को हटाए जाने के फैसले ने थोक सब्जी और फल कारोबारियों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। नाराज थोक आढ़तियों ने आगामी 06 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है, जिससे जिले में सब्जी आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
थोक विक्रेताओं का कहना है कि मंडी हटाकर नई जगह विस्थापित किए जाने के बाद फुटकर सब्जी विक्रेता वहां नहीं पहुंच रहे हैं। इसके चलते थोक आढ़तियों के पास बड़ी मात्रा में सब्जियां डंप हो रही हैं और बिक्री ठप पड़ गई है। व्यापारियों का आरोप है कि थोक बिक्री न होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
आढ़तियों के अनुसार, मंडी हटने से फुटकर विक्रेताओं के सामने भी संकट खड़ा हो गया है, क्योंकि नई जगह पर ग्राहकों और व्यापारियों की आवाजाही अभी तक सामान्य नहीं हो सकी है। इससे पूरे सब्जी कारोबार की व्यवस्था चरमरा गई है।
बताया जा रहा है कि करीब दो सप्ताह पहले नगरपालिका प्रशासन ने जाम और गंदगी की समस्या को देखते हुए शहजादपुर की पुरानी सब्जी मंडी हटवा दी थी और व्यापारियों को नई जगह शिफ्ट कर दिया गया। हालांकि, बिना पर्याप्त व्यवस्था के किए गए इस विस्थापन से अब व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो 06 अप्रैल से थोक सब्जी मंडी पूरी तरह बंद कर दी जाएगी, जिससे जिले में सब्जियों की आपूर्ति और कीमतों पर सीधा असर पड़ सकता है।फल सब्जी मंडी एशोशिऐसन अकबरपुर के अध्यक्ष राकेश सोनकर का कहना है कि पुरानी सब्जी मंडी को मात्र चन्द कदम की दूरी पर नगर पालिका की भूमि है, उस पर फुटकर विक्रेताओं को विस्थापित किया जाए तो फल सब्जी विक्रेताओं सहित आमजनों को भी लाभ होगा।








