फ्यूल के लिए पैनिक हो कर खरीदारी करने से बचे जनपद वासी – जिलाधिकारी
अम्बेडकरनगर: जिले में फ्यूल को लेकर मची अफरा-तफरी के बीच जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर अफवाहों के कारण अनावश्यक भीड़ लग रही है, जिससे व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
जिलाधिकारी श्री अनुपम ने बताया कि पेट्रोल पंपों पर नियमित आपूर्ति कराई जा रही है और प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घबराहट में अतिरिक्त फ्यूल न लें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
डीएम ने यह भी कहा कि सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए बोतल, डिब्बों या अन्य खुले बर्तनों में फ्यूल देने पर रोक लगाई गई है। इस नियम का उल्लंघन करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रशासन की टीमें लगातार पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर रही हैं और जहां भी भीड़ अधिक हो रही है, वहां पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।








