उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) की “बिजली बिल राहत योजना 2025–26” के तीसरे चरण की समय-सीमा अब समाप्ति की ओर है। योजना के तहत उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल पर बड़ी राहत दी जा रही है, लेकिन इसका लाभ उठाने के लिए अब केवल दो दिन शेष रह गए हैं।
योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को बकाया बिल पर लगने वाले 100 प्रतिशत ब्याज की पूर्ण माफी दी जा रही है। इसके साथ ही मूलधन पर 15 प्रतिशत तक की विशेष छूट का प्रावधान है। वहीं बिजली चोरी से जुड़े मामलों में राजस्व निर्धारण पर 40 प्रतिशत तक की राहत भी प्रदान की जा रही है।
मुबारकपुर के अवर अभियंता इंजीनियर संजय यादव ने विद्युत उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि यह योजना बकायेदारों के लिए बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि समय तेजी से निकल रहा है, इसलिए उपभोक्ता अंतिम तिथि का इंतजार न करें और शीघ्र पंजीकरण कराकर योजना का लाभ उठाएं।
अवर अभियंता ने बताया कि योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत देना और विभागीय बकाया की वसूली को सरल बनाना है। अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं या अपने संबंधित विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद किसी प्रकार की छूट या ब्याज माफी का लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे में उपभोक्ताओं के पास राहत पाने का यह अंतिम अवसर है।








