अम्बेडकरनगर। भीटी थाना क्षेत्र के सुगौती गांव में गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब 21 वर्षीय विवाहिता का शव गांव के बाहर नीम के पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार सुगौती निवासी राधिका सोनी (21) पुत्री स्वर्गीय शिव शंकर सोनी ने शाम करीब 5:30 बजे घर से लगभग 200 मीटर दूर स्थित एक नीम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर भीटी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छानबीन में सामने आया है कि राधिका के पिता की करीब दस वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी। परिवार की जिम्मेदारी उनकी मां रामवती, जो गांव के प्राथमिक विद्यालय में रसोइया के रूप में कार्यरत हैं, के कंधों पर थी। राधिका की दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि बड़ा भाई लुधियाना में मजदूरी करता है।
बताया जा रहा है कि राधिका ने करीब एक वर्ष पूर्व अयोध्या जनपद के तारुन थाना क्षेत्र स्थित बराह गांव निवासी अरुण सोनी से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से दांपत्य जीवन में चल रहे विवाद और पारिवारिक कलह के चलते वह इन दिनों अपने मायके में रह रही थी। प्रारंभिक जांच में इसी पारिवारिक तनाव को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल है।




