अम्बेडकरनगर: अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के लोरपुर स्थित राजभर समाज की ऐतिहासिक धरोहर अष्टखंभा के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने एक करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इस पर भाजपा नेता एवं नारायण फ़ाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य ने पर्यटन मंत्री माननीय जयवीर सिंह का आभार जताया है।
विवेक मौर्य ने कहा कि अष्टखंभा राजभर समाज की आस्था, शौर्य और नागवंशीय इतिहास का प्रतीक है। महाराजा सुहेलदेव से जुड़ा यह स्थल प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती देता है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पर्यटन मंत्री का धन्यवाद करते हुए इसे सरकार की ऐतिहासिक धरोहर संरक्षण नीति का सशक्त उदाहरण बताया।
जुलाई 2025 में सौंपा गया था ज्ञापन
गौरतलब है कि 15 जुलाई 2025 को समाजसेवी विवेक मौर्य के नेतृत्व में अखिल भारतीय राजभर संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में पर्यटन मंत्री से भेंट कर अष्टखंभा के संरक्षण का ज्ञापन सौंपा था। मंत्री ने उसी समय इसे विभागीय कार्ययोजना में शामिल करने का आश्वासन दिया था, जो अब साकार हो गया।
अष्टखंभा के जीर्णोद्धार से क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और अंबेडकरनगर को नई पहचान मिलेगी।








