अम्बेडकरनगर: संदिग्ध हालत में नवविवाहिता का ससुराल में शव मिलने से मायके वालों में हड़कंप मच गया। मृतिका की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ससुरालजनों पर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है।
मामला बसखारी थानाक्षेत्र के किछौछा का है जहां 25 वर्षीय ममता मौर्य का विवाह विशाल मौर्य से हुआ था। सोमवार को ममता मौर्य का संदिग्ध हालत में शव मिला। आरोप है कि ससुराल जनों द्वारा मायके वालों को बिना सूचना दिए ही अंतिम संस्कार कराने की तैयारी कर रहे थे लेकिन इसी बीच मृतिका के मायके वालों को सूचना हो गई। मृतिका के पिता ने बसखारी पुलिस को सूचना दिया तथा दहेज़ लोभ में हत्या करने का आरोप लगाया। बसखारी थाना के एसएसआई सर्वेन्द्र अस्थाना ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
मृतिका कोइरान मोहल्लाह थाना हंसवर की रहने वाली थी तथा किछौछा के विशाल मौर्य के साथ उसका विवाह हुआ था। विशाल मौर्य मालीपुर चौराहा पर बीज भण्डार की दूकान चलता है। चर्चा है कि ससुरालजनों द्वारा नवविवाहिता की हत्या करने के बाद मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा था लेकिन मायके वालों की सूचना पर पुलिस पहुंचने से घटना की पोल खुल गई। पुलिस टीम का कहना है कि पोस्टमार्टम के उपरांत मामले की असलियत सामने आएगी फिलहाल मामला संदिग्ध माना जा रहा है।





