अम्बेडकरनगर: भीषण शीतलहर और लगातार गिरते तापमान को देखते हुए नगर पालिका परिषद टांडा द्वारा जरूरतमंद, असहाय, गरीब एवं बेघर लोगों के लिए रैन बसेरा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। रात्रि में खुले में सोने को मजबूर लोगों को ठंड से बचाने और सुरक्षित आश्रय देने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।

नगर पालिका परिषद टांडा द्वारा संचालित यह रैन बसेरा बस स्टेशन टांडा के सामने तथा टांडा मॉन्टेसरी स्कूल प्रांगण में संचालित किया जा रहा है। यहां ठंड से बचाव के लिए समुचित इंतजाम किए गए हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण परेशान न हो।
रैन बसेरा में रात्रि विश्राम के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जा रहा है, जहां जरूरतमंद व्यक्ति आराम से सो सकता है। नगर प्रशासन की ओर से यह व्यवस्था विशेष रूप से उन लोगों के लिए की गई है, जिनके पास रहने के लिए स्थायी छत नहीं है।
टाण्डा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शबाना नाज़ ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई भी व्यक्ति ठंड में खुले में रात गुजारने को मजबूर हो, तो उसे रैन बसेरा तक पहुंचाने में सहयोग करें। आवश्यकता पड़ने पर सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1533 पर संपर्क किया जा सकता है।
नगर पालिका परिषद टांडा के अधिकारियों ने बताया कि शीतलहर के दौरान किसी भी जरूरतमंद को परेशानी न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं।
यह पहल ठंड के मौसम में जनहित और मानवता की दिशा में नगर प्रशासन का सराहनीय प्रयास मानी जा रही है, जिससे गरीब और बेसहारा लोगों को राहत मिल सके।








