चारों तरफ पानी ही पानी, यात्रियों और बस संचालकों की बढ़ी मुसीबत
अम्बेडकरनगर: बारिश ने टाण्डा बस स्टेशन की बदहाल व्यवस्था की पोल खोल दी है। पूरा बस स्टेशन इन दिनों तालाब में तब्दील हो गया है। विशाल परिसर में चारों ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है, जिससे बस संचालकों, यात्रियों और आसपास रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
बस स्टेशन के अंदर इतना अधिक जलभराव है कि यात्रियों को प्रतीक्षालय तक पहुंचने और बैठने के लिए तालाब जैसे पानी को पार करना पड़ रहा है। यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जबकि बसों के संचालन पर भी इसका असर पड़ रहा है।
स्थिति सिर्फ बस स्टेशन तक सीमित नहीं है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण पानी आसपास के मकानों की ओर बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के घरों में पानी भरने का खतरा पैदा हो गया है। लोगों का कहना है कि हर बारिश में यही हाल होता है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने तथा बस स्टेशन परिसर को जलभराव से मुक्त कराने की मांग की है, ताकि यात्रियों और आसपास के लोगों को राहत मिल सके।




