अम्बेडकरनगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के मुरवाह गांव में 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत के बाद अवैध ताड़ी के कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि ताड़ी पीने के बाद युवक की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार मुरवाह गांव निवासी अमित कुमार दुबे (26) पुत्र पवन कुमार दुबे की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक अमित लंबे समय से ताड़ी का सेवन करता था और घटना वाले दिन भी उसने ताड़ी पी थी। इसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से खुलेआम अवैध ताड़ी बेची जा रही है। भोर होते ही ताड़ी के अड्डों पर लोगों का जमघट लग जाता है। स्थानीय संभ्रांत नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद आबकारी विभाग और स्थानीय प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहा है, जिससे अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ताड़ी के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया गया होता तो शायद एक युवक की जान बच सकती थी। घटना के बाद लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ गई है। लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर खुलेआम चल रहे नशे के इस कारोबार पर रोक लगाने में जिम्मेदार विभाग क्यों नाकाम साबित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में संचालित अवैध ताड़ी एवं अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार की व्यापक जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ताड़ी के अड्डों पर लगने वाली भीड़ से सामाजिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप यादव ने बताया कि उन्हें अभी तक मामले की कोई औपचारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। सूचना मिलने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल युवक की मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। अब ग्रामीणों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं। साथ ही अवैध ताड़ी कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग भी तेज हो गई है।




