अम्बेडकरनगर। हंसवर थाना क्षेत्र के तिलकारपुर गांव में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर हुआ विवाद अब और तूल पकड़ता जा रहा है। विभागीय टीम के साथ कथित मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में कोटेदार समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बाद अब बिजली कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
बताया गया कि 9 अप्रैल को गांव में स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान कोटेदार आशाराम यादव अपने साथियों के साथ पहुंचे और मीटर लगाने का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान ईंट का टुकड़ा उठाकर कर्मचारी पर हमला करने की कोशिश की गई, बीच-बचाव करने पहुंचे अधिकारियों को धक्का दिया गया तथा टीम के साथ गाली-गलौज कर सरकारी कार्य में बाधा डाली गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
इधर, मामले में कार्रवाई न होने से नाराज विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, अम्बेडकरनगर के बैनर तले कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय अकबरपुर के सामने प्रदर्शन किया। इस विवाद की की वीडियो फेसबुक पर देखने के लिए 💐 इसे टच करें संगठन ने कहा कि तिलकारपुर में स्मार्ट मीटर स्थापना कार्य के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की व मारपीट की गंभीर घटना हुई है, जिसके संबंध में हंसवर थाने में मुकदमा भी दर्ज किया गया है, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। इंस्ट्राग्राम पर विवाद की वीडियो देखने के लिए इसे टच करें।
समिति ने प्रशासन से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, कर्मचारियों की सुरक्षा के ठोस इंतजाम और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े निर्देश जारी करने की मांग की है। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।








