अम्बेडकरनगर जनपद के भीटी थाना क्षेत्र अंतर्गत जमोलीगंज स्थित शराब के ठेके पर गोली चलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना में ठेके पर कार्यरत सेल्समैन गोली लगने से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ठेके पर अचानक फायरिंग की सूचना मिली, जिसमें सेल्समैन को गोली लगी। हमलावरों की संख्या दो बताई जा रही है, बताते हैं कि हमलावर बाइक छोड़ कर भाग गए, घायल को तत्काल उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और ठेका परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। गोली चलने के बारे में फिलहाल अधिक जानकारी नहीं प्राप्त हुई है।
मौके पर पहुंची भीटी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य एकत्र किए और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस क्षेत्र में घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है। फायरिंग के कारणों को लेकर जांच की जा रही है, फिलहाल कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मामले में कानूनी कार्रवाई प्रचलित है।








