अम्बेडकरनगर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह किछौछा में आयोजित 640वें वार्षिक उर्स के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव, पूर्व मंत्री एवं टाण्डा विधायक राममूर्ति वर्मा ने बाबा मखदूम अशरफ जहांगीर सिमनानी की दरगाह पर चादरपोशी कर प्रदेश, देश और दुनिया में अमन, खुशहाली, इंसाफ और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी।

चादरपोशी के बाद पत्रकारों से बातचीत में राममूर्ति वर्मा ने कहा कि बाबा मखदूम अशरफ की दरगाह सदियों से गंगा-जमुनी तहज़ीब, इंसानियत और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देती रही है। उन्होंने कहा कि बाबा की बारगाह में उन्होंने दुआ की है कि जनता के हक और अधिकार छीनने वालों को उनके कर्मों की सजा मिले तथा अन्याय और ज़ुल्म करने वाली ताकतों का अंत हो।
उन्होंने कहा कि देश में फिर वही माहौल कायम हो, जहां सभी धर्मों के लोग बिना किसी भेदभाव के एक-दूसरे के त्योहार मिल-जुलकर मनाएं। समाज में नफरत नहीं, बल्कि मोहब्बत, भाईचारा और इंसानियत का बोलबाला हो। उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा मखदूम अशरफ की दुआ से देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में शांति, सौहार्द और इंसाफ कायम होगा।

इसके बाद राममूर्ति वर्मा खानकाह अशरफिया हसनिया पहुंचे, जहां उन्होंने साहिबे सज्जादा अल्लामा मौलाना सैय्यद मोइनुद्दीन अशरफ (मोइन मियां) से मुलाकात कर उर्स की मुबारकबाद दी और दुआएं लीं। इस दौरान सपा टाण्डा विधानसभा अध्यक्ष संदीप यादव, फैज़ान खान, सईद मुजाविर, मोहम्मद फ़ैज़ खादिम, ज़फर हयात, मोहम्मद आसिफ़ खादिम, हबीबुर्रहमान, मोहम्मद आमिर, रघुनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता और अकीदतमंद मौजूद रहे।




