अम्बेडकरनगर जनपद में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत आज सख्त संदेश और व्यापक लक्ष्य के साथ की गई। प्राइमरी पाठशाला पसियापारा, अकबरपुर में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने स्वयं बच्चों को पोलियो की ‘दो बूंद जिंदगी की’ खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानंद ने जिलाधिकारी का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पोलियो जैसी घातक बीमारी के पूर्ण उन्मूलन के लिए शून्य से पाँच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे तक टीका पहुंचाना प्रशासन और समाज—दोनों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से सख्त अपील की कि किसी भी बच्चे को पोलियो की खुराक से वंचित न रहने दें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में इस अभियान के तहत 1,765 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से 3,03,010 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि बूथ दिवस पर छूटे बच्चों को 29 जून से 3 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी।
अभियान की निगरानी के लिए प्रत्येक विकास खंड स्तर पर विशेष मॉनिटरिंग टीमें तैनात की गई हैं, जो यह सुनिश्चित करेंगी कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मार्कण्डेय प्रसाद, जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. जय प्रकाश, विद्यालय स्टाफ, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियाँ तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




