अम्बेडकरनगर: टाण्डा तहसील क्षेत्र में स्थित चर्चित नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में शुक्रवार को आयोजित बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 31 करोड़ 26 लाख 93 हजार रुपये का अनुमानित मूल बजट प्रस्तुत किया गया, जिसे मौजूद सभासदों ने हर्षध्वनि मत से पारित कर दिया। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता ने की, जबकि संचालन अधिशासी अधिकारी संजय जैसवार ने किया।
बैठक में प्रस्तुत बजट के अनुसार नगर पंचायत की कुल अनुमानित आय 31 करोड़ 26 लाख 93 हजार रुपये है, जिसमें 25 लाख रुपये का प्रारंभिक अवशेष भी शामिल है। इसके मुकाबले 30 करोड़ 51 लाख 25 हजार रुपये का अनुमानित व्यय प्रस्तावित किया गया है। इस प्रकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट करीब 75 लाख 68 हजार रुपये के अनुमानित लाभ के साथ तैयार किया गया है।
बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र के विकास को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा के बाद मुहर लगाई गई। प्रस्तावों के अनुसार गाटा संख्या 780 खा० मि० व 813 में बाउंड्री वॉल सहित नए नगर पंचायत कार्यालय भवन का निर्माण, अभिलेखों के रख-रखाव के लिए कक्ष, डिजिटल लाइब्रेरी, पार्क और गोदाम निर्माण जैसे कार्यों को मंजूरी दी गई।
इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र के प्रमुख मार्गों अंबेडकरनगर, आजमगढ़, टांडा, जलालपुर, जहांगीरगंज, इंटर कॉलेज रोड और माली चौराहा रोड पर प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने के लिए पोल और तिरंगा लाइट लगाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में नगर पंचायत के लिपिक अभिषेक यादव, कार्यालय सहायक राकेश प्रजापति सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं सभासदों में मायाराम, सुभाष निषाद, प्रदीप कुमार, मोनू निषाद, लालमन, रामजी, सफरूनिशा, सुनीता, ज्योति गुप्ता, मीरा रानी, सूरज लाल उपाध्याय, अमन गुप्ता समेत अन्य सभासदों ने बैठक में भाग लिया।
नगर पंचायत की इस बैठक में पास हुए बजट और विकास योजनाओं को लेकर क्षेत्र में विकास की नई उम्मीदें जताई जा रही हैं, हालांकि अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ये योजनाएं जमीन पर कितनी तेजी और पारदर्शिता से उतरती हैं।





