गैस्ट्रो संबंधी दिक्कत के चलते लखनऊ में चल रहा इलाज, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की
अम्बेडकरनगर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं आलापुर विधायक त्रिभुवन दत्त की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार उन्हें गैस्ट्रो संबंधी समस्या होने पर चिकित्सकों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
विधायक के स्वास्थ्य की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं अम्बेडकरनगर सांसद लालजी वर्मा तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं अकबरपुर विधायक रामअचल राजभर मेदांता अस्पताल पहुंचे। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और त्रिभुवन दत्त से मुलाकात कर शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सूत्रों के मुताबिक, चिकित्सकों की निगरानी में विधायक त्रिभुवन दत्त का इलाज चल रहा है और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। विधायक के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने के बाद समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता का माहौल है। वहीं, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उनके जल्द स्वस्थ होकर जनता के बीच लौटने की दुआ कर रहे हैं।




