अम्बेडकरनगर: लखनऊ के कोचिंग सेंटर में हुए हृदयविदारक अग्निकांड को लेकर जनपद में शोक और आक्रोश का माहौल देखने को मिला। हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति में सैकड़ों छात्र-छात्राओं, व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में आक्रोश साफ दिखाई दे रहा है। जनपद के न्योरी में कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई वहीं टाण्डा नगर में बुधवार की शाम 06 बजे श्रधांजलि सभा का आयोजन किया गया है।
न्योरी में निकले कैंडल मार्च में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता, युवा अध्यक्ष न्यौरी अनीस मसूदी, अध्यक्ष सुरेश अग्रहरि, उपाध्यक्ष डॉ. आसिम अबूजर फारुकी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष गोविंद साहब, विनय सिंह, भाजपा नेता रामयश भारती, मेला अध्यक्ष गोविंद साहब भौमेंद्र सिंह उर्फ पप्पू, मंडल उपाध्यक्ष श्री प्रकाश गुप्ता उर्फ प्रदुमन, काशिफ फारूकी, जैद फारूकी, फिरोज हाशमी, ग्राम प्रधान तिघरा वेद प्रकाश उर्फ पिंटू, ग्राम प्रधान अमोला दया शंकर भारतीय समेत बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। मार्च के दौरान लोगों ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि ऐसी घटनाएं सुरक्षा मानकों की अनदेखी का परिणाम हैं, जिन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
वहीं दूसरी ओर टाण्डा नगर के चौक घंटाघर पर आज शाम 06 बजे सर्वदलीय एवं सर्वसमाज शोकसभा का आयोजन किया गया है। समाजसेवी अंशु बग्गा ने बताया कि विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं और समाजसेवियों द्वारा लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले छात्रों को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।





